MP Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के तलेन और सारंगपुर में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से निकाली जा रही ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा – कांग्रेस किसान का कर्ज माफ़ करने के वादे कर रही है। लेकिन जब इनकी सरकार थी तब यह किसान के हितार्थ में कोई काम नहीं कर पाए।
उन्होंने आगे कहा- कांग्रेस के नेता चुनावी रैलियों में जाते हैं। शीर्ष नेताओं के वादों की दुहाई जनता को देते हैं। जनता को बताते हैं कि यदि उनकी सरकार आई तो महज 10 दिनों में किसान का कर्ज माफ़ किया जाएगा। लेकिन वास्तविकता उनके वादों से परे है। उनके शीर्ष नेताओं की कथनी और करनी में अंतर होता है। सरकार आने के बाद 10, 15 दिन फिर महीने बीत जाते हैं लेकिन वादे पूरे नहीं होते।
उन्होंने आगे कहा – 2003 तक 56 वर्ष मध्यप्रदेश सत्ता में कांग्रेस रही। सरकार ने राज्य को बीमार राज्य बनाया विकास का कोई काम नहीं हुआ। जब कोरोना आया और राज्य को मुख्यमंत्री जी से बहुत उम्मीदें थीं तो वह इंदौर में एक कार्यक्रम में शामिल हो गए। वही शिवराज सिंह ने जनता के लिए हर संभव कार्य किया। कोरोना में ऑक्सीजन सिलेंडर मुहैया करवाने से लेकर लोगों की मदद के लिए वह आगे आए। यदि कांग्रेस का वश चलता तो वह एमपी के लोगों को सरकार की योजनाओं से वंचित ही रखती।
उन्होंने आगे कहा एक वक्त था जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। पीएम एक रुपया जनता के लिए भेजते और 15 पैसा ही उन तक पहुंचता। लेकिन आज जनता के लिए एक रुपया भेजा गया तो उनको एक ही प्राप्त होता है।